कानपुर। हरकोर्ट बटलर टेक्निकल एजुकेशन के दीक्षांत समारोह में पहली बार टॉपर मेधावी को प्रमाेद चतुर्वेदी स्मारक डिस्टिंग्विश्ड स्टूडेंट पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। सभी विषयों में टॉप करने वाले छात्र को इस पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इस आधार पर कंप्यूटर साइंस की पंखुरी गुप्ता को यह अवार्ड मिलेगा। बीटेक और बीबीए के छात्रों को नारंगी रंग, एमटेक के छात्रों को पीले रंग, एमसीए के छात्रों को लाल रंग और पीएचडी के छात्र हरे रंग का साफा पहन कर आएंगे।
एचबीटीयू का दीक्षांत 19 सितंबर को है। दीक्षांत में 982 छात्रों को उपाधियां दी जाएंगी। विवि में तैयारियां तेज चल रही हैं। दीक्षांत में मेडल प्राप्तकर्ताओं के लिए ड्रेस कोड लागू कर दिया है। छात्रों को सफेद रंग का कुर्ता पायजामा, छात्राओं को सफेद रंग का सलवार सूट पहनना होगा। इसके अलावा सिर पर साफा बांधना होगा। दीक्षांत में मुख्य अतिथि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के सीएमडी अरविंदर सिंह रहेंगे। अरविंदर एचबीटीयू के 1971 बैच के छात्र भी हैं। इस साल 46 छात्रों को 50 पदक मिलेंगे।
25 छात्रों और 21 छात्राओं को पदक दिए जाएंगे। बीटेक में 679, बीबीए में 18, एमसीए में 66, एमएससी में 18, एमबीए में 179, पीएचडी में 10 और एमटेक में 12 डिग्रियां दी जाएंगी। हालांकि एमटेक में कुछ छात्रों की संख्या बढ़ सकती है। विवि के सूत्रों की माने तो दीक्षांत में पहली बार मानद उपाधि देने की तैयारी की जा रही है। विवि की ओर से दो-तीन नाम भेजे गए हैं। हालांकि अभी अंतिम मुहर लगना बाकी है। डीन एकेडमिक्स प्रो. ललित कुमार सिंह ने कहा कि दीक्षांत की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। छात्रों को सभी सूचनाएं प्रेषित की जा चुकी हैं। छात्रों को दीक्षांत का पास दिया जाएगा जिससे ही उनको प्रवेश मिलेगा।