कानपुर। रावतपुर केशवपुरम स्थित एक निजी कॉलेज के कार्यालय में बीटीसी कोर्स की छात्राओं ने रविवार को फीस हड़पने के आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने छात्राओं को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
केशवपुरम निवासी एक छात्रा ने बताया कि वह अपनी बहन के साथ रावतपुर के एक निजी कॉलेज में बीटीसी कोर्स में दाखिला कराने गई थी। कॉलेज स्टाफ ने दो युवकों के माध्यम से एडमिशन कराने की बात कही। छात्रा के अनुसार दोनों बहनों ने एक लाख दस हजार रुपये बतौर फीस जमा किए। दो सेमेस्टर की परीक्षा पूरी हो चुकी थी लेकिन तीसरे सेमेस्टर में कॉलेज प्रशासन ने फीस जमा न होने का हवाला देकर परीक्षा देने से रोक दिया।
इसे लेकर छात्राओं ने कॉलेज परिसर में हंगामा किया और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने छात्राओं को शांत कराया और कॉलेज प्रशासन से जानकारी ली। एक छात्र ने डीएम ऑफिस में शिकायत की है। रावतपुर इंस्पेक्टर मनोज मिश्रा ने बताया कि छात्राओं ने फीस को लेकर कुछ आरोप लगाए हैं। छात्रा की ओर से तहरीर मिलने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।