कानपुर। परिषदीय स्कूलों में मिड-डे मील बनाने में सुरक्षा किट का प्रयोग न करने पर बेसिक शिक्षाधिकारी (बीएसए) ने सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को नोटिस जारी किया है। स्पष्ट आदेश दिया है कि भविष्य में इस काम में लापरवाही पाई गई तो संबंधित प्रधानाध्यापकों और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
15 सितंबर को अमर उजाला की लाइव पड़ताल में मिड-डे मील बनाने में हाइजीन की कमी सामने आने की खबर प्रकाशित की गई थी। इस मामले में पहली बार बीएसए सुरजीत कुमार सिंह ने चेतावनी पत्र जारी किया है। उन्होंने सभी विद्यालयों को निर्देश दिया है कि मिड-डे मील में साफ-सफाई और सुरक्षा के नियमों का पालन अनिवार्य रूप से करें। रसोइयों को एप्रन, कैप और ग्लव्स उपलब्ध कराना और उनका उपयोग सुनिश्चित करना प्रधानाध्यापकों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नोटिस आने के बाद स्कूलों में हड़कंप मच गया है और कई विद्यालयों में हाइजीन संबंधी व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की कवायद शुरू कर दी गई है।