इटावा। बहन को बीएससी की परीक्षा दिलाने जा रहे किशोर की बाइक में डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे में किशोर की मौत हो गई जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बहन को आयुर्विज्ञान विवि में भर्ती कराया गया है। किशोर हेलमेट नहीं पहने था।
साहिल यादव (17) पुत्र सुग्रीम उर्फ गुड्डू यादव निवासी ग्राम खुटारा थाना करहल जिला मैनपुरी गुरुवार को बहन नंदनी (20) को बीएससी की परीक्षा दिलाने के बाइक इकदिल जा रहा था। रास्ते में वैदपुरा थाना क्षेत्र में मैनपुरी हाईवे पर तिरुपति पेट्रोल पंप के पास पीछे से डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को आयुर्विज्ञान विवि पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने साहिल को मृत घोषित कर दिया।
हेलमेट न पहने होने की वजह से उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। नंदनी ने बताया कि वह उसका इकलौता भाई था। पिता अहमदाबाद में प्राइवेट नौकरी करते हैं। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि डीसीएम चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है। परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।