महोबा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नयापुरा बंधनवार्ड में शराब और गांजा न छोड़ने से परेशान बड़े भाई ने छोटे भाई की सरिया से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद हमलावर को पुलिस ने मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। हमलावर दो माह पहले जेल से छूटकर आया था।
घटना की रिपोर्ट मृतक के चाचा ने कोतवाली महोबा में दर्ज कराई है। नयापुरा बंधानवार्ड निवासी किशोरी (55) पुत्र फुल्ली ढीमर गांजा और शराब का लती था। गांजे और शराब के लिए पैसे का इंतजाम न होने पर करीब 30 साल पहले 18 साल की आयु में उसने मोहल्ले की ही एक वृद्ध महिला के हाथ के सोने के कंगन उतारने का प्रयास किया था, विरोध करने पर किशोरी ने वृद्धा के सिर पर ईंटों से हमलाकर दिया था और कंगन लूटकर भाग गया था।