झींझक। अवैध संबंधों का भेद खुलने के डर से देवर-भाभी ने मिलकर ननद की हत्या कर दी थी। इसके बाद ससुर व दो अन्य लोगों संग मिलकर शव नदी में फेंक दिया था। पुलिस ने घटना के बाद से फरार चल रहे हत्यारोपी भाई मिलन को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलपुर थानाध्यक्ष महेश दुबे ने बताया कि बृहस्पतिवार को मंगलपुर-झींझक मार्ग पर औरंगाबाद मोड़ के पास से चंदकुरा निवासी मिलन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि बड़े भाई वीरू अक्सर मजदूरी करने के लिए दूसरे प्रांतों में लंबे समय के लिए चला जाता था। इसके चलते उसकी नजदीकियां भाभी रेखा के साथ बढ़ गई थीं। करीब एक साल से दोनों के बीच अवैध संबंध थे।
पांच जून को बहन ज्योति (19) ने उसको भाभी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। ज्योति ने इसका विरोध किया और पूरी बात भाई वीरू को बताने की बात कहने लगी। राज खुलने के भय से उसने भाभी के साथ मिलकर बहन की चाकू से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद पिता मानसिंह, भेटलिनपुरवा निवासी नवाबपुर निवासी सुशील उर्फ मोला व खानपुर निवासी सोनू की सहायता से शव को दरी में लपेट कर सेंगुर नदी में फेंक दिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त चाकू भी दरी में ही रख दिया था।
आठ जून को बहन का शव पुलिस को मिल जाने पर वह लोग घर से भाग गए थे। रुपये खत्म हो जाने पर वह गांव में रुपये लेने जा रहा था लेकिन उसको रास्ते में ही पुलिस ने पकड़ लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि युवती की हत्या के मामले में उसके पिता व भाभी की पूर्व में गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार भाई मिलन को कोर्ट में पेश किया गया है। वहां से उसे जेल भेज दिया गया है। शेष फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उनको भी गिरफ्तार किया जाएगा।