नयागंज में मंगलवार को चार लुटेरों ने किराना बाजार के दलाल संजय कुमार को उन्हीं के श्रीराम मार्केट स्थित ऑफिस में बंधक बनाकर 60 हजार रुपये लूट लिए थे। इसके बाद बदमाशों ने रस्सी से उसके हाथ-पैर बांध दिए थे। मुंह पर टेप लगाने के बाद बदमाश ऑफिस के दरवाजे पर वाहर से ताला लगाकर भाग निकले। आसपास के लोगों ने दरवाजे का कुंडा तोड़कर उसे बाहर निकाला था। वाहदात के दौरान मार्केट मेें आते और जाते वक्त बदमाश सीढ़ियों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए थे।
जांच के दौरान पुलिस को बदमाशों के फुटेज हाथ लग गए हैं। फुटेज से बदमाशों का फोटो तैयार कराकर पुलिस अफसरों ने शहर के सभी थानों में भेज दिए हैं। पुलिस अफसरों का मानना है कि चारों बदमाश किसी न किसी वाहन से आए होंगे। बदमाशों ने कहां और कौन सा हावन खड़ा किया था। इसका पता चलते ही बदमा्शों का सुराग मिल जाएगा।
बदमाशों का वाहन तलाशने के लिए पुलिस नयागंज से घंटाघर चौराहे व आसपास लगे एक-एक सीसीटीवी कैमरे में फुटेज देख रही है। बदमाशों की स्मार्टनेस और हुलिया के आधार पर अफसरों का मानना है कि बदमाशों का दिल्ली या राजस्थान से लिंक हैं। संजय भी मूलरूप से राजस्थान का रहने वाला है और दिल्ली के एक शख्स से लेनदेन करता है।
पुलिस की जांच में इस घटना में हवाला के खेल सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक लूटी गई रकम दिल्ली के एक शख्स को भेजी जानी थी। दिल्ली के एजेंट ने वहां की पार्टी को पैसा पहुंचा दिया। अब संजय को एजेंट को पैसा देना है। इसलिए लूट की कहानी गढ़ी गई है। जबकि रुपया संजय के परिचित ही ले गए हैं। एसपी पूर्वी राजकुमार के मुताबिक सर्विलांस और स्वाट टीम के साथ ही पुलिस की छह टीमें बदमाशों की तलाश में लगी हैं। जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा।