डेरापुर। रसधान-डेरापुर मार्ग के चौड़ीकरण के तहत रानीपुर नाले पर बन रहे पुल का निर्माण कार्य पिछले दो माह से ठप पड़़ा है। पुलिया की दीवारें बनने के बाद काम बंद होने से वाहन चालकों को बगल से बनाए गए जोखिम भरे वैकल्पिक रास्ते से गुजरना पड़ रहा है। इससे परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने जल्द काम पूरा कराने की मांग की है।
रानीपुर नाले के जरिये पबनैया, खिरवां, महमूदापुर, ननथू, डूंडीबरी और भड़ावल गांव समेत करीब आठ किलोमीटर क्षेत्र का पानी सेंगुर नदी में जाता है। इस नाले पर जनवरी माह में पुल का निर्माण शुरू हुआ। दोनों तरफ पुल निर्माण के लिए दीवार बना दी गई है। वहीं अब काम बंद हे। मां शारदा गीता पब्लिक स्कूल के संस्थापक ओमजी शुक्ला, पूर्व ग्राम प्रधान रमेश मराल, कुड़ावल के पूर्व प्रधान संतोष तिवारी और गुरुकुल विद्यालय की निदेशक ईशानी द्विवेदी ने बताया कि करीब दो माह से निर्माण कार्य बंद है। जिस तरह से काम हुआ इससे अभी दो माह से अधिक समय लग सकता है।
इधर 15 जून से बारिश शुरू होने की संभावना है। यदि जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो वैकल्पिक रास्ता पानी के बहाव में बह सकता है। जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो जाएगा। इसका असर स्कूल वाहनों की आवाजाही पर भी पड़ेगा। निर्माण कार्य देख रहे लोक निर्माण विभाग के जेई विवेक कुमार कुशवाहा ने बताया कि ठेकेदार को जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। तेजी से काम कराया जाएगा। जिससे बारिश के समय परेशानी न हो।