इटावा जिले के ताखा में उद्देतपुर के तुलसी मैरिज होम में मंगलवार को वरमाला से कुछ देर पहले दुल्हे के बाल नकली होने जानकारी पर दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। दुल्हन ने कहा कि कुछ भी हो जाए इस गंजे से शादी नहीं करूंगी।
कुछ देर कहासुनी के बाद कन्यापक्ष के लोग अपने गांव लौट गए। दूल्हे के पिता ने शादी न करने की शिकायत ऊसराहार थाने में की है। भरथना थाना क्षेत्र के ध्यानपुरा गांव की संगीता की शादी औरैया जिले के बिधूना के अजय कुमार के साथ तय हुई थी।
मंगलवार रात अजय बरात लेकर उद्देतपुर स्थित तुलसी मैरिजहोम में पहुंचा। द्वारचार के बाद वरमाला के लिए दूल्हा स्टेज पर पहुंचा। इस दौरान किसी ने दुल्हन को बता दिया कि दूल्हा गंजा है। वह नकली बाल लगाए है। लड़की सीधे स्टेज पर पहुंची और दुल्हे को गंजा बताकर शादी करने से इनकार कर दिया।