यूपी के बांदा जिले में तीन दिन से लापता ईंट सप्लायर की गमछे से गला कसकर हत्या कर शव पानी के टैंक में फेंक दिया गया। पुलिस ने रविवार को टैंक से ईंट सप्लायर का शव बरामद किया। परिजनों ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने व्यापारी की हत्या कर शव टैंक में फेंके जाने का अंदेशा जताया है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के लामा गांव निवासी मोहन वर्मा (45) पुत्र बंधुवा वर्मा का रविवार को सुबह घर से लगभग दो किलोमीटर दूर स्थित अनिल मिश्रा के बोर टैंक में शव पड़ा मिला। गले में उसी के गमछे का फंदा कसा हुआ था। शरीरी पर चोट के निशान थे। परिजनों की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों से पूछताछ की।
मृतक के बड़े भाई रामविशाल ने बताया कि मोहन ईंट सप्लायर था। 11 अक्तूबर को सुबह घर से यह कहकर निकल गया था कि बहुआ से ईंट का ट्रक आया है उसे उतराने जा रहा है। फिर नहीं लौटा। मृतक के तीन पुत्रियां और तीन पुत्र हैं। क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र सिंह और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुजीत सिंह ने बताया कि भाई की तहरीर के आधार पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। तफ्तीश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।