कानपुर। तिलकनगर स्थित भवन में रविवार को कानपुर सुपर-100 की ओर से शहर को बेहतर स्वरूप देने के लिए मंथन-विजन कानपुर का आयोजन किया गया। अध्यक्षता वरिष्ठ उद्यमी नजम हमराज ने करते हुए कहा कि शहर का नया स्वरूप तभी संभव है जब हमारे पास एक मजबूत तंत्र होगा। उन्होंने दूरदर्शी व्यक्तियों को एक मंच पर लाने पर जोर दिया।
कानपुर सुपर 100 के संस्थापक डॉ. सिधांशु राय ने कानपुर कॉन्क्लेव के आयोजन पर विचार रखे जिसमें शहर के अनुभवी विशेषज्ञ नए कानपुर की रूपरेखा तैयार करेंगे। वरिष्ठ उद्यमी प्रबंध निदेशक जेट बलराम नरूला ने कहा कि शहर का विकास एक नई सोच पर निर्भर होता है। प्रख्यात वास्तुशास्त्री विमल झाझरिया ने कहा कि शहर तभी विकसित होगा जब सरकार व समाज एक साथ मिलकर कार्य करें। पूर्व आईपीएस अधिकारी रतन श्रीवास्तव ने कहा कि हमें एक विजन के साथ कार्य करना चाहिए। कानपुर सुपर 100 के विशेषज्ञ अपने अनुभवों के आधार पर छोटे-छोटे स्तर पर शहर का सर्वेक्षण कर रिपोर्ट बनाएं और प्रशासन के सहयोगी बनें।
उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के डॉ. रजत आदित्य दीक्षित, गोपाल सूतवाला, कानपुर हेल्थ कमेटी के डॉ. राज तिलक ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में आयुर्वेदाचार्य डॉ. ओम प्रकाश आनंद, समाजसेवी अनिल गुप्ता व मुस्कुराए कानपुर सह अध्यक्ष राजेश ग्रोवर, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. डोकनिया, हैप्पीनेस स्कूल के संयोजक और सरस्वती ज्ञान मंदिर के प्रबंधक अमित अग्रवाल आदि मौजूद रहे।