हरदोई के टड़ियावां थाना क्षेत्र अंतर्गत अमेठिया मजरा अलावलपुर में नरवा नहर में सोमवार दोपहर नहाने गए तीन सगे भाई डूब गए। छोटे भाई की मौत हो गई। दो भाई किसी तरह एक दूसरे का हाथ पकड़कर सुरक्षित बाहर निकल आए।
घटना से परिवार में कोहराम मच गया। टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम अमेठिया मजरा अलावलपुर निवासी सुनील के तीन पुत्र रिशु वर्मा (9), जडर (10) और आशु वर्मा (11) सोमवार दोपहर नहाने के लिए गांव के पास से निकले नरवा नहर में गए थे।
2 बजे के करीब नहाने के दौरान ही तीनों गहरे पानी में चले गए। जडर और आशु वर्मा एक दूसरे का हाथ पकड़कर बाहर निकल आए लेकिन सबसे छोटा भाई रिशु डूब गया। दोनों भाइयों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने किसी तरह रिशु को नहर से निकाला। हालत गंभीर होने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में रिशु को मृत घोषित कर दिया गया।