फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शादी में डांस न करने दिया तो लड़के ने किया बवाल, मारपीट-फायरिंग के बाद लूट ले गया महिलाओं के जेवर

Fri, 10 May 2019 05:59 PM IST
प्रशांत कुमार क्राइम डेस्क, अमर उजाला, फर्रुखाबाद
विज्ञापन
महिलाओं को समझाते पुलिस कर्मी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
यूपी के फर्रुखाबाद जिले में डीजे पर डांस से रोकने से गुस्साए दबंगों ने बेटी की विदाई के समय घर में घुसकर महिलाओं से मारपीट कर दी। विरोध करने पर फायरिंग की। महिलाओं ने लाखों रुपये के जेवरात लूटने का आरोप लगाया। ग्रामीणों के घेराबंदी करने पर दबंग दो बाइकें छोड़कर भाग गए। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस के समझाने पर करीब पौन घंटे बाद जाम खुल सका। 
विज्ञापन


थाना मऊदरवाजा के गांव चौरसिया निवासी हरिप्रसाद की बेटी की गुरुवार रात को कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव सदरियापुर से बरात आई थी। द्वारचार के बाद डीजे पर डांस को लेकर पड़ोसी गांव मझोला निवासी दबंग युवक से विवाद हो गया। इस पर हरिप्रसाद के परिजनों ने उसे वहां जाने को कह दिया। कुछ देर बाद वह दोबारा वहां पहुंच गया और डीजे पर डांस करने लगा। वहां अपनी मर्जी का गाना बजाने को लेकर विवाद होने लगा। इस पर लोगों ने दबंग को भगा दिया। वह धमकी देकर चला गया।

सुबह अपने सात साथियों के साथ दबंद बाइकों से पहुंच गया

सुबह अपने सात साथियों के साथ बाइकों से पहुंच गया। उस समय हरिप्रसाद के घर विदाई की तैयारी चल रही थी। दबंगों ने हरिप्रसाद के घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। इसमें वधू के ताऊ का बेटा मधुर बेहोश होकर गिर पड़ा। बहन किरन उसे बचाने पहुंची तो उसके साथ भी मारपीट कर दी। वधू की बहन रुचि व संगीता से भी मारपीट की गई।

आरोप है कि दबंगों ने किरन, संगीता व रुचि से चेन, कुंडल, चांदी का गुच्छा आदि लाखों के जेवर लूट लिए। इस बीच ग्रामीणों के जुटने पर दबंग फायरिंग करते हुए भाग गए, लेकिन उनकी दो बाइकें वहीं छूट गईं। घटना के बाद परिजनों ने बेटी की विदाई की।
विज्ञापन

फौजी ने निकलने का प्रयास किया तो लोगों ने मारपीट कर दी

इसके बाद ग्रामीणों ने गांव के पास कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची। उसने समझाने का प्रयास किया। ग्रामीण जाम खोलने को तैयार नहीं हुए। इस बीच बाइक सवार समाधान नगला निवासी फौजी ने जबरदस्ती निकलने का प्रयास किया तो लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी। उसे पुलिस ने पकड़ लिया। बाद में छोड़ दिया गया।

कुछ देर बाद थाना पुलिस पहुंच गई। उसने महिलाओं व ग्रामीणों को कार्रवाई का भरोसा दिया। तब करीब पौन घंटे बाद जाम खुल सका। इसके बाद पुलिस ने दबंगों की तलाश में मझोला व पड़ोसी गांव नगला कलार में दबिश दी पर कोई हाथ नहीं आया। इंस्पेक्टर जयप्रकाश ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। दो बाइकों को कब्जे में लिया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें