कानपुर से लखनऊ का किसी एक्सप्रेस ट्रेन का जनरल टिकट अगर आप रिजर्वेशन काउंटर से खरीदेंगे तो वह 60 रुपये का पड़ेगा। 45 रुपये किराया है और 15 रुपये आरक्षण शुल्क। यही टिकट यदि आप आईआरसीटीसी से बुक कराते हैं तो सुविधा शुल्क 17.07 रुपये और देने पड़ेंगे। तब यह टिकट आपको 77.07 रुपये का पड़ेगा। इसी तरह लखनऊ से कानपुर का आरक्षित जनरल श्रेणी का टिकट काउंटर से लेने पर 55 रुपये का मिलेगा। आईआरसीटीसी की वेबसाइट से बुक कराने पर यह 73.07 रुपये का है।
एमएसटी से यात्रा करने की अनुमति मांगी
कानपुर-लखनऊ एमएसटी मित्र समिति के मीडिया प्रभारी निखिल शर्मा ने बताया कि प्रयागराज, लखनऊ के डीआरएम से लेकर रेल मंत्रालय से भी मांग की जा चुकी है कि दैनिक यात्रियों को एमएसटी ये यात्रा करने की अनुमति दी जाए। रोज टिकट खरीदना महंगा पड़ता है। ऑनलाइन बुक कराते हैं तो 25 प्रतिशत और ज्यादा लग जाते हैं। कोशिश होती है कि काउंटर से ही टिकट बुक करा लें।
आईआरसीटीसी की वेबसाइट से टिकट बुक कराने में सर्विस चार्ज लिया जा रहा है। यह पहले से ही लिया जाता रहा है। क्योंकि अब जनरल टिकट भी रिजर्वेशन के साथ बुक कराते हैं तो उसमें रिजर्वेशन चार्ज के साथ प्रति टिकट सर्विस चार्ज शामिल है।
अनिल गुप्ता, क्षेत्रीय प्रबंधक, आईआरसीटीसी