कानपुर। बिठूर के गुदारा घाट में गुरुवार को डूबी किशोरी का शव शुक्रवार को 13 घंटे बाद मिला। शव देखते ही परिजन बदहवास हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बता दें कि 17 वर्षीय मुस्कान यादव गुरुवार को अपनी तीन और सहेलियों के साथ घाट पर नहाने गई थी। चारों सहेलियां पानी में खड़े होकर रील बनाने लगीं। तभी अचानक वे डूबने लगीं। तीन को तो गोताखोरों ने बचा लिया लेकिन मुस्कान डूब गई थी। शुक्रवार को जब गोताखोर शव की तलाश कर रहे थे तभी रमेलनगर गांव के सामने मुस्कान का शव पानी में झाड़ियों के बीच फंसा मिला। शव को बाहर निकलवाकर परिजन को बुलाया गया और उसकी शिनाख्त कराई गई। मुस्कान का शव देख बूढ़ी दादी सुशीला, मां विमला और दोनों बहनें मैना व मानसी का रो-रोकर बुरा हाल था। भाई चिंटू तो मुस्कान का शव छोड़ने को ही तैयार न था। पास-पड़ोस की महिलाओं ने उसे बड़ी मुश्किल से हटाया। मुस्कान के साथ नहाने गई उसकी ममेरी बहन अनुष्का की आंखों के आंसू भी थमने का नाम नहीं ले रहे थे। (संवाद)