सचेंडी थानाक्षेत्र के भिसार गांव निवासी केशव कुमार (45) का शव सोमवार सुबह घर से 200 मीटर दूर खेत में पानी भरे गड्ढे में औंधे मुंह पड़ा मिला। दो अक्तूबर को किसान नगर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। शव मिलने के बाद वहां आवारा कुत्तों का झुंड उसे नोच रहे थे। कुत्तों ने उसका एक हाथ और पैर बुरी तरह नोच दिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भिसार गांव निवासी किसान राजन शुक्ला के परिवार में मां सावित्री देवी और बड़ा भाई केशव कुमार था। पिता की काफी समय पहले इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। परिजन के मुताबिक केशव शराब का आदी था और इसी वजह से उसकी शादी भी नहीं हुई थी। वह कई बार दो-दो दिन तक घर से बाहर रहता था।
परिजन ने पुलिस को बताया कि दो अक्तूबर को केशव किसान नगर जाने की बात कहकर पैदल घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने आसपास और परिचितों के यहां तलाश की। दोस्तों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद भी परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे रहे।