फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कार के अंदर मिला 'खून' 'सनी ईंट' युवक-युवती के आधार कार्ड,  'जिसकी आईडी मिली वह घर में'

Sat, 08 Sep 2018 12:32 AM IST
क्राइम डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
लापता भाई प्रिंस व मोनू की बहनें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
कानपुर के काकादेव में स्वराज इंडिया स्कूल के पास शुक्रवार सुबह लावारिस कार में खून, खून से सनी ईंट, मांस के लोथड़े, बाल और युवक-युवती के आधार कार्ड मिले। कार के पास खाली प्लॉट की बाउंड्री में भी खून के छींटे मिले। पुलिस का मानना है कि कार में किसी की हत्या की गई है। शव को ठिकाने लगाने के बाद कार को यहां छोड़ा गया है। माना जा रहा है कि ड्राइविंग सीट पर बैठे शख्स के साथ ही अनहोनी हुई है। कार मालिक और उसका भाई गायब है। दोनों भाइयों के मिलने पर साफ हो सकेगा कि हत्या किसकी और क्यों की गई। शव को कहां ठिकाने लगाया गया। जिस युवती का आधार कार्ड मिला, वह घर पर सुरक्षित है। 
विज्ञापन


काकादेव डबल पुलिया के पास स्थित स्कूल के पास तड़के सफेद रंग की वैगनआर कार लावारिस खड़ी थी। कार और पास स्थित प्लाट की बाउंड्री पर खून की छींटे देख लोगों ने यूपी-100 पर सूचना दी। एसएसपी अनंत देव, एसपी पश्चिम संजीव सुमन, काकादेव इंस्पेक्टर फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। कार की आगे की दोनों सीटों, शीशों और स्टेयरिंग पर खून बिखरा था। कार में खून से सनी एक ईंट, मांस के लोथड़े और पान मसाला के खाली पाउच भी पड़े थे। 

रानीगंज के प्रिंस की है कार 
थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि कार के नंबर और रजिस्ट्रेशन से पता चला कि कार काकादेव के रानीगंज निवासी प्रिंस सिंह की है। यह कार ओला कंपनी में अटैच है। थाने पहुंचकर प्रिंस की बहन ज्योति ने बताया कि दोनों भाई प्रिंस और मोनू सिंह बृहस्पतिवार रात करीब 10:30 बजे आधे घंटे में लौटने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद से दोनों घर नहीं लौटे। उनके मोबाइल भी स्विचऑफ हैं। घर के पास मोनू की मोबाइल शॉप है। दोनों भाई कहां और किस हालत में हैं, नहीं मालूम। वहीं पुलिस ज्योति के पति कुलवंत सिंह को हिरासत में लेकर प्रिंस की दूसरी बहन जसवीर से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।  
विज्ञापन


 
विज्ञापन

जिसकी आईडी मिली, वह घर में मिली

लापता भाई प्रिंस व मोनू की बहन - फोटो : अमर उजाला
जिसकी आईडी मिली, वह घर में मिली
प्रिंस की कार में रानीगंज में रहने वाली बीए की छात्रा का आधार कार्ड मिला है। उसके पिता सचिवालय, लखनऊ में नौकरी करते हैं। छानबीन में पता चला है कि छात्रा सुरक्षित है और वह अपने घर में है। छात्रा का कहना है कि दो महीने पहले उसका आधार कार्ड गुम हो गया था। नया आधार कार्ड बनवा लिया है। कार में दिल्ली के शशांक नाम के शख्स का भी आधार कार्ड मिला है। 

प्लाट में शव दफन होने की आशंका पर कराई खुदाई
जिस स्थान पर कार मिली, वहां खाली प्लाट भी है। पुलिस ने शक के आधार पर प्लाट का ताला तुड़वा कर वहां भी छानबीन की। प्लाट में एक जगह पर शव दफनाए जाने की आशंका पर खुदाई कराई गई। हाथ कुछ नहीं लगा। वहीं, पुलिस को एक शख्स ने बताया कि मोनू और प्रिंस के साथ कार में तीन और युवक थे। 

फोरेंसिक टीम ने लिए खून के सैंपल 
फोरेंसिक टीम ने कार और बाउंड्री से खून से सैंपल लिए। कार से साक्ष्य भी जुटाए। डॉग स्क्वायड ने भी छानबीन की। वहीं, पुलिस प्रेम प्रसंग, लेनदेन, रंजिश समेत कई अन्य बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। बहरहाल मोनू और प्रिंस के सामने आने के बाद ही कुछ साफ हो सकेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें