कानपुर। विकास खंड घाटमपुर में तैनात खंड प्रेरक पर ग्राम पंचायतों में ठेकेदारी कर सरकारी धन के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगे हैं। ग्रामीण की शिकायत पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दीक्षा जैन से जांच कराकर रिपोर्ट मांगी। सीडीओ ने डीडीओ विजय कुमार, अपर जिला पंचायती राज अधिकारी अभिलाष बाबू, राज्यकर अधिकारी जय श्री को नामित कर एक सप्ताह में रिपोर्ट तलब की है।
शिकायत में आरोप है कि खंड प्रेरक रित्विज त्रिवेदी ने ग्राम पंचायतों में हो रहे विकास कार्यों की ठेकेदारी कर सचिवों से भुगतान अपनी फर्म में करवा लिया। खंड प्रेरक के नाम से पंजीकृत फर्म ‘एवी कंस्ट्रक्शन’ के जरिये बीते लगभग 10 वर्षों में लाखों रुपये का लेनदेन किया गया। उसका भाई भी विकास खंड सरसौल में खंड प्रेरक के पद पर और भाभी ग्राम पंचायत सचिव के पद पर तैनात है। इन सभी ने आपसी मिलीभगत से ग्राम पंचायतों में संचालित योजनाओं में ठेकेदारी कर सरकारी धन का गबन किया। विभिन्न विकास कार्यों में कर्मचारियों की मिलीभगत से ठेकेदारी भी की। सीडीओ दीक्षा जैन ने बताया कि खंड प्रेरक पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत के आधार पर तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर जांच कराई जा रही है। अगर दोषी पाए जाते हैं तो सख्त कार्रवाई होगी।