कालिंद्री एक्सप्रेस के शौचालय में धमाका
कालिंदी एक्सप्रेस धमाके की जांच में लगी एटीएस व जीआरपी के शक की सुई पकड़े गए संदिग्धों के गांव के ही दो लोगों के ऊपर घूम गई है। ऐसा इसलिए है कि पकड़े गए लोगों ने ही मुखबिरी कर गांव के ही दो लोगों को मोबाइल चोरी के मामले में पकड़वाया था और कालिंदी में हुए विस्फोट वाले दिन से ही दोनों गायब चल रहे हैं।
20 फरवरी की शाम कालिंदी में हुए धमाके के बाद से एटीएस और जीआरपी गहनता से मामले के खुलासे में जुट गई है। हर बिंदु की काफी गहराई से जांच की जा रही है। बताते हैं कि डायरी में लिखे नाम के आधार पर पुलिस ने पिता-पुत्र समेत जिन तीन लोगों को पकड़ा है। उन्होंने जीआरपी को बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने फर्रुखाबाद जिले के एक गांव के ही दो लोगों को मुखबिरी कर एक तमंचा और एक चोरी का मोबाइल समेत पकड़वाया था।
20 फरवरी को दोनों युवक गांव में दोपहर तक घूमते देखे गए थे। कालिंदी में हुए धमाके के बाद यह दोनों युवक गायब चल रहे हैं। एटीएस और जीआरपी इस बिंदु पर भी गहनता से जांच कर रही है। इन संदिग्धों की भी पहचान सीसीटीवी फुटेज से की जाएगी। जीआरपी इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि कहीं मुखबिरी की रंजिश में गायब हुए संदिग्ध युवकों ने ही तो नहीं कालिंदी में धमाका कर डायरी में पकड़े गए लोगों के नाम लिख दिए हों। उधर, जीआरपी घटना का खुलासा जल्द से जल्द करने का दावा कर रही है।
कालिंदी एक्सप्रेस में हुए धमाके के बाद से जीआरपी और आरपीएफ की कालिंदी एक्सप्रेस में सघन तलाशी जारी है। शुक्रवार को भी जीआरपी दरोगा राजकुमार की देखरेख में भिवानी से कानपुर और कानपुर से भिवानी जाने वाली कालिंदी एक्सप्रेस की सघन तलाशी ली गई। बोगियों में बैठे यात्रियों के लगेज को गहनता से खंगाला गया। इसके साथ ही प्लेटफार्म पर भी तलाशी ली गई। जीआरपी दरोगा राजकुमार शर्मा ने बताया कि रुटीन चेकिंग के साथ ही सघन चेकिंग भी जारी है। (ब्यूरो)