गोदाम में लगी आग को बुझाते दमकल कर्मी, मृतक प्रमोद (फाइल फोटो), रोते-बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर देहात के एक वेस्ट केमिकल गोदाम में भीषण धमाका होने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते पूरा गोदाम धू-धू कर जलने लगा। अग्निकांड में एक मशीन आपरेटर की मौत हो गई।
रविवार दोपहर अकबरपुर कोतवाली के कुंभी गांव स्थित उत्तर प्रदेश वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट कंपनी के वेस्ट केमिकल गोदाम में आपरेटर प्रमोद (40) पुत्र रामनाथ कुशवाहा निवासी ग्राम दबौली थाना मंगलपुर वाइब्रेटर मशीन से निष्क्रिय बाडी स्प्रे केन को डिस्पोज कर रहा था। इसी दौरान केन के आपस में टकराने से निकली चिंगारी से आग लग गई। आग गोदाम रखे अन्य केमिकल ड्रमों में फैल गई और केमिकल ड्रम भीषण विस्फोट के साथ फटने लगे। इससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। वहीं ड्रमों में हुए विस्फोट से गोदाम की छत ढह गई। आपरेटर प्रमोद फंस गया और विस्फोट से ढही दीवार व छत का मलबा प्रमोद के ऊपर जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दमकल कर्मियों ने मलबा हटाकर मृतक प्रमोद के शव को बाहर निकाला। भीषण विस्फोट से आसपास गांवों में हड़कंप मच गया। ड्रमों में केमिकल होने के चलते विस्फोट इतने जोरदार थे कि आग के गोले कंपनी से 500 मीटर की दूरी पर जा गिरे। इससे खेतों में काम कर रहे किसान नदी की ओर से भागने लगे। आग के गोलों से बचने के लिए जिसे जहां सुरक्षित मिला वह वहां पहुंचा।