कानपुर शहर में गणेश विसर्जन के दौरान देशी बम से धमाका कर अराजकतत्वों ने घाटमपुर में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाडऩे का प्रयास किया। धमाके से मची भगदड़ में आधा दर्जन श्रद्धालु घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दो अराजक तत्वों को पकड़ लिया। तलाशी में उनकी गाड़ी से बमों का जखीरा मिलने से पुलिस के भी पसीने छूट गए। पुलिस के मुताबिक 10000 देशी बम बरामद किए गए हैं।
धमाकों से मचा हडक़म्प
घाटमपुर के पतारा में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस निकल रहा था। श्रद्धालु ढोल की धुन में नाचते और गाते हुए प्रतिमा को विसर्जित करने ले जा रहे थे। भक्तों की टोली सुमेरपुर के पास पहुंची थी कि अचानक टोली के पीछे आए कार सवार युवक देशी बमों से धमाका करने लगे। जिससे भगदड़ मच गई। आनन-फानन में आयोजक मण्डल के सदस्य ने भक्तों को संभालकर कार सवार दो शातिरों को दबोच लिया। उन्होंने कार की तलाश ली तो उससे देशी बम का जखीरा बरामद होने से उन लोगों के होश उड़ गए। उन्होंने पुलिस को बुलाकर दोनों शातिरों को उनके सुपुर्द कर दिया।
शातिरों से हो रही पूछताछ
इंस्पेक्टर प्रमोद शुक्ला ने बताया कि हमीरपुर के शाहरुख और मोहित को पकड़ा गया है। उनके पास से करीब दस हजार देशी बम (दैमार बम) बरामद हुए हैं। जिसे वे नौबस्ता में पप्पू नाम के युवक को देने जा रहे थे। इंस्पेक्टर का कहना है कि शातिरों से अभी पूछताछ चल रही है। जल्द ही सच्चाई का पता चल जाएगा।