हमीरपुर जिले में कस्बा सुमेरपुर के फैक्टरी एरिया में संचालित एक मिल में छापा मारकर एसडीएम सदर व सीओ सदर ने करीब 150 टन गेहूं व चावल बरामद किया है। बोरियों में उत्तर प्रदेश खाद्य रसद विभाग लिखा मिला है। मिल को सीज कर दिया गया है। प्रशासन का मानना है कि यह सरकारी राशन का गेहूं और चावल है।
कालाबाजारी करके इसे दूसरे प्रदेशों में भेजा जा रहा है। प्रशासन की कार्रवाई से कालाबाजारी करने वालों में हड़कंप मचा है। शुक्रवार रात एसडीएम सदर रविंद्र कुमार व सीओ सदर रवि प्रकाश सिंह ने फैक्टरी एरिया में स्थापित एक मिल पर छापा मारा। सीओ सदर ने बताया कि छापेमारी में सरकारी राशन का गेहूं चावल बरामद हुआ है।
जिसमें तीन कंटेनर व तीन ट्रैक्टर में बोरियों में भरा हुआ गेहूं व चावल मिला है। इसके साथ ही कुछ गोदाम में भी गेहूं व चावल रखा हुआ है। एसडीएम ने बताया कि छापामापी के दौरान ट्रकों सहित प्रांशू गुप्ता मौके पर मिले। चालक व परिचालक से पूछताछ की जा रही है। जिस मिल में खाद्यान्न मिला है वह सोनू गुप्ता के नाम है। जिसको सीज कर दिया गया है।