छिबरामऊ। 11 दिनों से रास्ता खुलवाने और फर्जी मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर ग्राम बहवलपुर में चल रहा भाकियू बलराज गुट का धरना शनिवार को खत्म हो गया। किसानों का स्वास्थ्य बिगड़ने और माहौल गरमाने पर तहसीलदार और कोतवाल के आश्वासन और प्रशासनिक पहल के बाद जूस पिलाकर अनशन खत्म करा दिया।
नगर पालिका परिषद ईओ की चुप्पी से नाराज होकर सूरदास जिलेदार, रामरतन नागर, प्रेमचंद्र यादव, श्रीकृष्ण और रामप्रकाश नागर शुक्रवार को भूख हड़ताल पर बैठ गए थे। दूसरे दिन किसानों का बीपी बढ़ गया था और हालत बिगड़नी शुरू हो गई। अन्नदाताओं का बिगड़ता स्वास्थ्य और ग्रामीणों का बढ़ता गुस्सा देख शाम चार बजे तहसीलदार अभिनव वर्मा व कोतवाल कपिल दुबे धरनास्थल पर पहुंचे। तहसीलदार ने ग्रामीणों और किसान नेताओं से वार्ता कर रास्ता खुलवाने और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।
आश्वासन के बाद तहसीलदार ने जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। अफसरों की मौजूदगी में ही भाकियू बलराज गुट के युवा प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर सौरभ यादव ने कहा कि आंदोलन केवल स्थगित किया गया है, समाप्त नहीं। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक वादे के मुताबिक कार्रवाई नहीं हुई, तो मंगलवार से धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष चौधरी प्रताप सिंह, प्रहलाद सिंह, पृथ्वीराज, प्रेमचंद, श्रीकृष्ण, आशाराम, बॉबी जाटव, भगवद्दयाल आदि मौजूद रहे।