जाम लगाए लोगों को समझाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
रामनवमी के जुलूस के दौरान कुछ भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस पर आधा दर्जन दबंगाें ने एक भाजपा कार्यकर्ता की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद नाराज पीड़ित पक्ष के लोगों ने हाइवे जाम कर दिया। जाम की खबर मिलते ही अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक सहित तमाम अफसराें ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन देते हुए जाम खुलवाया।
बुधवार को महोबा के कस्बा पनवाड़ी इलाके में रामनवमी जुलूस के दौरान कुछ भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए इस पर आधा दर्जन लोगों ने एक भाजपा कार्यकर्ता उमंग सुल्लेरे की जमकर मारपीट कर दी। इससे नाराज उमंग के समर्थन में भारी संख्या में लोग हाइवे पहुंच गए और दबंगाें के खिलाफ जाम लगा दिया। दो घंटे तक जाम लगने से महोबा से झांसी राठ आने जाने वाले तमाम वाहन फंस गए।
जाम की खबर मिलते ही अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश सक्सेना, सीओ कुलपहाड़ विनोद सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और समझा बुझाकर जाम खुलवाया। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह का कहना है कि जुलूस दौरान कुछ भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए थे। इसका विरोध में कुछ लोग हाइवे में पहुंच गए और रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए दबाव बनाने लगे। उनका कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।