उपचुनाव में डंडे-गन के दम पर भाजपा ने जीता चुनाव : डिंपल
- सांसद डिंपल यादव ने करहल व सीसामऊ सीट की जीत पर जताई खुशी
- कहा, शासन-प्रशासन साथ न देता तो इससे बेहतर परिणाम देखने को मिलते
संवाद न्यूज एजेंसी
सैफई। यूपी उप चुनाव में भाजपा ने शासन-प्रशासन का सहारा लेकर डंडे-गन के दम पर चुनाव जीता है। उप चुनाव में सपा के वोटरों के डंडे चलाए गए, गन दिखाई गई, जगह-जगह बूथ कैप्चरिंग इसका उदाहरण है। इसकी वजह से सपा को नुकसान हुआ।
शनिवार को सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की धर्मपत्नी व मैनपुरी सांसद डिंपल यादव उपचुनाव में आए नतीजों पर सैफई स्थित आवास पर प्रेसवार्ता में बोल रही थीं। कहा, समाजवादी पार्टी की उपचुनाव में 5 से 6 सीटें जीतने की उम्मीद थी, लेकिन शासन-प्रशासन की मिलीभगत से ऐसा नहीं हो सका। इसके बावजूद भी सपा ने दो सीटों पर जीत दर्ज की है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के समाप्तवादी वाले बयान पर बोलीं कहा, उनको जातिगत जनगणना पर ध्यान देना चाहिए, जिस तरीके से निजीकरण की बातें चल रही है उस पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने मैनपुरी के करहल और कानपुर के सीसामऊ सीट की जीत पर बधाई दी। सांसद डिंपल ने कहा, पहले अखबारों की हेडलाइन डांस और डेमोक्रेसी होती थी लेकिन अब तो गन ऑफ डेमोक्रेसी का रवैया दिखाई दे रहा है, जिस तरीके से प्रशासन का रवैया रहा उसका खामियाजा समाजवादी पार्टी को भुगतना पड़ा। अगर शासन-प्रशासन ने साथ न दिया होता तो परिणाम कुछ और होते।
कुंदरकी, मीरपुर में वोट नहीं डालने दिया : सांसद
आजमगढ़ सांसद धर्मेंद्र यादव ने उपचुनाव को लेकर कहा कि हम लोग तो 9 सीटें जीत जाते लेकिन पूरे देश ने तांडव देखा है,जब से लोकतंत्र शुरू हुआ है वोट पड़े हैं। ऐसा तांडव कभी नहीं हुआ है। कुंदरकी, मीरापुर में वोट नहीं डालने दिए गए। रिवाल्वर की नोक पर डराया जा रहा था, जो पूरे देश ने देखा है। इस तरह से लोकतंत्र की हत्या हुई है। डिप्टी सीएम के बयान पर बोले, केशव प्रसाद मौर्य सिराथू में पहले कमल खिला ले, बाबा जी उनका कमल बुझा दें, उससे बचें, यह ढ़पोल शंख लोग हैं इन्हें कोई नहीं पूछ रहा है। अपर्णा यादव के नेता जी वाले बयान पर कहा कि वो उम्र में बहुत छोटी हैं, उनके लिए क्या कहें, श्रद्धेय नेता जी ने सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ लड़ने में उनके बारे में इस तरह की बातें करना शोभा नहीं देता। इस मौके पर करहल विधानसभा प्रत्याशी तेज प्रताप सिंह,जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक यादव व सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।