कानपुर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा 31 अक्तूबर से छह दिसंबर के बीच कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र में विशेष अभियान पटेल150 शुरू करेगी। इस दाैरान जगह-जगह संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। बुधवार को पार्टी के क्षेत्रीय मुख्यालय में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने तैयारी बैठक की।
उन्होंने बताया कि सरदार पटेल के जीवन, विचारों और देश की एकता में उनका योगदान बताने के लिए सभी बूथों पर कार्यक्रम होंगे। लोकसभा, विधानसभा और बूथ स्तर पर पदयात्रा निकाली जाएगी। प्रदर्शनी, जनसंपर्क और प्रेरक व्याख्यान आयोजित होंगे। इस संबंध में 17 अक्तूबर को लखनऊ में अभियान से जुड़े संयोजकों, सह-संयोजकों, जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों की कार्यशाला होगी। कार्यशाला को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह आदि संबोधित करेंगे। क्षेत्र स्तर पर अभियान की जिम्मेदारी सुनील तिवारी, पवन प्रताप सिंह और पूर्व पार्षद जितेंद्र सचान को सौंपी गई है। बैठक में अनीता गुप्ता, पवन पांडे, आलोक शुक्ला, वीरेंद्र तिवारी, अमित परिहार, अर्शी सुल्तान, ऋषभ शुक्ला आदि माैजूद रहे।