कानपुर देहात। भाजपा की जनकल्याण नीतियों को जनता पूरा सहयोग दे रही है। दो सांसदों वाली भाजपा आज तीन सौ के ऊपर का आंकड़ा पार कर चुकी है। प्रदेश में योगी सरकार प्रचंड बहुमत के साथ डटी है।
मोदी व योगी की नीतियों के बल पर आज जिले की दस में से आठ सीटों पर भाजपा के ब्लॉक प्रमुख हैं, जो बधाई के पात्र हैं। यह बातें बुधवार को प्रदेश के नगर विकास व जिले के प्रभारी मंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने ब्लॉक प्रमुखों के अभिनंदन समारोह में कहीं।
जिले में भाजपा के नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख व जिला पंचायत सदस्यों को सम्मानित करने के लिए बुधवार को माती स्थित ईको पार्क में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया।
जिले के प्रभारी मंत्री, जिला प्रभारी रंजना उपाध्याय, जिलाध्यक्ष अविनाश सिंह चौहान, सदर विधायक प्रतिभा शुक्ला व भोगनीपुर विधायक विनोद कटियार ने रसूलाबाद से ब्लॉक प्रमुख राधा दुबे, अमरौधा से प्रमिला कटियार, सरवनखेड़ा से उर्वशी चंदेल, डेरापुर से रूबी दुबे, मलासा से स्वतंत्र पासवान, संदलपुर से राहुल तिवारी मीनू, अकबरपुर से आशीष मिश्र व झींझक से रानी देवी को अंग वस्त्र व प्रतीक चिंह देकर सम्मानित किया।
वहीं राजपुर द्वितीय से जिला पंचायत सदस्य रानू कटियार, बारा से कृष्णा गौतम, कठेठी से विशंभर सोनकर का सम्मान किया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के ब्लॉक प्रमुख व जिला पंचायत सदस्य जिले को अग्रणी जिला बनाने में सहयोग करेंगे।
इस मौके पर राजेंद्र सिंह चौहान, श्याम मोहन दुबे, डॉ. विवेक द्विवेदी, बब्बन शर्मा, अकबरपुर चेयरमैन ज्योत्सना कटियार, सत्यप्रकाश संखवार, परवेश कटियार, हेमू सिंह, जिला मीडिया प्रभारी विकास मिश्रा आदि मौजूद रहे।
समारोह में कोविड गाइडलाइन तार-तार
कानपुर देहात। भाजपा के ब्लॉक प्रमुख अभिनंदन समारोह में प्रभारी मंत्री महेश चंद्र गुप्ता की मौजूदगी में ही कोविड नियम तार-तार दिखे। वहां मौजूद पदाधिकारियों से लेकर कार्यकर्ता तक में कोरोना का खौफ नहीं दिखा। अधिकांश लोग बिना मास्क के नजर आए। कहीं पर भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होता भी नहीं दिखाई दिया।