भाजपा के 36 पार्षदों ने कानपुर में एक - एक मलिन बस्ती गोद ली। महापौर की अध्यक्षता में हुई बैठक में इन बस्तियों को आदर्श मलिन बस्ती बनाने की घोषणा की गई। इस तरह 110 मलिन बस्तियों में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का फैसला लिया गया।
महापौर प्रमिला पांडेय ने नगर निगम गेस्टहाउस में भाजपा पार्षदों की बैठक बुलाई। दोपहर में हुई इस बैठक में महापौर ने बताया कि बीती 14 अप्रैल को बाबा भीमराव आंबेडकर की जयंती पर शहर की मलिन बस्तियों को आदर्श मलिन बस्ती बनाने का संकल्प लिया गया था। इस संकल्प को पूरा करने के लिए पार्षदों से एक - एक मलिन बस्ती गोद लेकर उसे आदर्श बनाने पर जोर दिया गया। कुछ पार्षदों ने अपने वार्ड में मलिन बस्ती न होने का तर्क दिया तो उन्हें बताया गया कि वह अपने क्षेत्र के आसपास के वार्ड की मलिन बस्ती गोद ले सकते हैं। महापौर के अनुसार 36 पार्षदों ने बैठक के दौरान ही गोद ली जाने वाली एक - एक मलिन बस्ती का नाम लिखकर दिया। तीन अन्य पार्षदों ने लेटरपैड न होने का हवाला देकर एक - दो दिन में गोद ली जाने वाली बस्ती का नाम लिखकर देने की बात कही। ये पार्षद एक महीने में गोद ली गई बस्ती में होने वाले कार्यों का खाका खींचेंगे। इसके बाद टेंडर कराकर वहां विकास कार्य कराए जाएंगे। अन्य पार्षदों के माध्यम से भी एक - एक मलिन बस्ती को आदर्श मलिन बस्ती बनाने की कोशिश की जा रही है।