अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले यूपी के हरदोई जिले से गोपामऊ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक श्याम प्रकाश शनिवार को एक बार फिर चर्चा में आ गए। भाजपा समर्थक की ओर से मेरठ में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेई के थाने में धरने पर बैठने संबंधी पोस्ट पर विधायक श्याम प्रकाश ने तल्ख टिप्पणी की थी। उन्होंने लिखा था कि वह दिन दूर नहीं जब योगी जी को भी धरने पर बैठना पड़ सकता है। इसी पोस्ट पर किए गए एक दूसरे कमेंट में भी उन्होंने सरकार और संगठन को आड़े हाथों लिया था।
पलक झपकते ही सोशल मीडिया पर यह पोस्ट चर्चा में आ गई। अमर उजाला डॉट काम द्वारा यह खबर चलाए जाने पर इसकी जानकारी विधायक को हुई। इसके बाद विधायक ने फेसबुक पर सफाई देते हुए लिखा 'सोशल मीडिया पर मा. लक्ष्मीकांत बाजपेई जी के धरने पर बैठने की खबर पर एक लड़के द्वारा मा. योगी जी के धरने पर बैठने का कमेंट कर दिया गया था। मेरे संज्ञान में आने पर उसे डिलीट करा दिया है।'