फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फिर चर्चा में आया ये भाजपा विधायक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंची बात

Fri, 07 Jun 2019 07:23 PM IST
प्रशांत कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बांदा
विज्ञापन
पुलिस उपाधीक्षक से बातचीत करते विधायक बृजेश प्रजापति - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
नदी में हो रहे अवैध खनन और ओवरलोडिंग से मंडल मुख्यालय में चल रहे पेयजल संकट को लेकर बांदा जिले में तिंदवारी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक बृजेश प्रजापति ने बृहस्पतिवार की रात समर्थकों के साथ सड़क पर उतर आए। उन्होंने बांदा सदर विधान सभा क्षेत्र में स्टेट हाईवे पर अपने वाहन आड़े-तिरछे खड़ा करके यातायात ठप कर दिया। लगभग 11 घंटे लगे रहे जाम में सैकड़ों वाहन फंसे रहे। इनमें मरीजों की एंबुलेंस और यात्री वाहन भी थे। भाजपा जिलाध्यक्ष और सिटी मजिस्ट्रेट से मौके पर हुई बातचीत के बाद जाम खत्म हुआ। 
विज्ञापन


बृहस्पतिवार की रात करीब 10 बजे तिंदवारी विधायक बृजेश प्रजापति ने समर्थकों के साथ बांदा-चिल्ला मार्ग पर सर्किट हाउस के नजदीक बाईपास चौराहे के पास मुख्य सड़क ठप कर दी। विधायक ने अपनी कार सड़क पर तिरछी खड़ी कर दी। उनके कुछ अन्य वाहन भी सड़क पर खड़े हो गए। सड़क पूरी तरह बाधित हो गई।

बालू के सैकड़ों ट्रक दोनों ओर फंस गए। बांदा से कानपुर, लखनऊ जा रही मरीजों की एंबुलेंस और यात्री बसें और निजी छोटे वाहन भी जाम में फंस गए। गर्मी में यात्री बिलबिलाते रहे। विधायक का कहना था कि केन नदी में अवैध खनन और ओवरलोडिंग हो रही है। जलधारा से बालू निकाली जा रही है, जिसमें लाखों लीटर पानी बालू के साथ रोज ट्रकों में जा रहा है। सड़कें भी खराब हो रही हैं।
विज्ञापन

पहले भी सुर्खियों में रहे हैं विधायक बृजेश

विधायक की मांग थी कि धरना स्थल पर डीएम, एसपी आएं और बात करें। देर रात एसडीएम सदर संदीप कुमार और नगर व सदर के क्षेत्राधिकारी तथा परिवहन विभाग के अधिकारियों ने जाम स्थल पर जाकर विधायक से बातचीत की, लेकिन वे नहीं माने। पूरी रात जाम लगा रहा।

शुक्रवार को सुबह करीब 10 बजे भाजपा जिलाध्यक्ष लवलेश सिंह जाम स्थल पर पहुंचे और विधायक से बातचीत की। इसी बीच सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी भी आ गए। भाजपा जिलाध्यक्ष ने डीएम हीरालाल से फोन पर बात की और कहा कि ओवरलोडिंग के लिए असली जिम्मेदार खदान संचालक हैं। उन पर कार्रवाई होनी चाहिए।

अध्यक्ष ने बताया कि सीएम आवास से भी इस बारे में जानकारी मांगी गई थी। उनके पास और विधायक बृजेश प्रजापति के पास फोन आए थे। अध्यक्ष और सिटी मजिस्ट्रेट के आश्वासन के बाद जाम खत्म हुआ। अधिकारियों और विधायक के बीच नोकझोंक भी हुई। 


 

पहले भी सुर्खियों में रहे हैं विधायक बृजेश

भाजपा विधायक बृजेश प्रजापति अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। बृहस्पतिवार की रात वो फिर सुर्खियों में आ गए। इस बार विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र के बजाय बांदा विधानसभा क्षेत्र में जाम लगाया। इसके पहले वह जिला खनिज अधिकारी शैलेंद्र सिंह के साथ सर्किट हाउस में कथित मारपीट मामले में चर्चित हुए थे। विधायक के खिलाफ खनिज अधिकारी ने कई संगीन धाराओं की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

इसी तरह विधायक प्रजापति पूर्व एडीएम गंगाराम गुप्ता और जल निगम अधिशासी अभियंता को नोटों की माला पहनाकर चर्चा में आए थे। कई बार अपने भाषणों में वर्ग विशेष के लिए आपत्तिजनक टिप्पणियां करने पर भी चर्चा में रहे। हालांकि विधायक के इस रवैये का भाजपा के अन्य विधायक या जिला संगठन ने कभी समर्थन नहीं किया। बृहस्पतिवार की रात जाम में भी भाजपा का कोई बड़ा नेता शामिल नहीं हुआ। विधायक और उनके समर्थक ही मौजूद रहे।
विज्ञापन

लखनऊ और कानपुर महानगर की मुख्य सड़क 11 घंटे तक यातायात बाधित

प्रदेश की राजधानी लखनऊ और कानपुर जैसे महानगरों की मुख्य सड़क (बांदा-बहराइच स्टेट हाईवे) को लगातार 11 घंटे तक बाधित रखने पर पुलिस कोई केस दर्ज नहीं कर रही। शायद इसीलिए कि मामला सत्तारूढ़ दल का है। वरना कुछ ही दिन पहले अतर्रा में सड़क हादसे में मौत के बाद नाराज ग्रामीणों द्वारा हाईवे जाम किए जाने पर पुलिस ने आनन-फानन जाम लगाए सौ से ज्यादा लोगों के विरुद्ध संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी।

इसके पहले भी ऐसी कई नजीरें हैं, जिसमें जाम लगाने वालों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। बांदा शहर कोतवाली प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात सर्किट हाउस के पास रातभर जाम लगाने के मामले में विधायक या अन्य किसी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने के उन्हें कोई आदेश नहीं मिले हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें