अनुसूचित जाति सम्मेलन को संबोधित करते अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष लालजी निर्मल
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई लोकसभा क्षेत्र में पिहानी के हामिद अली इंटर कॉलेज के मैदान में गुरुवार को भाजपा का अनुसूचित जाति एवं जनजाति सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति जनजाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष लालजी निर्मल ने कहा कि भारत में मैला ढोने की प्रथा मुगलकाल में शुरू हुई थी, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खत्म किया। उन्होंने महागठबंधन को ठगबंधन कहते हुए अनुसूचित जाति के लोगों से भ्रमित होने से बचने का आह्वान भी किया।
सम्मेलन में उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने डॉ. आंबेडकर को पूरे विश्व में सम्मान दिलाया। भाजपा को अनुसूचित जाति का सबसे बड़ा हितैषी बताते हुए उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने ही डॉ. आंबेडकर के लंदन वाले आवास को नीलामी से बचाया। बसपा अध्यक्ष मायावती पर निशाना साधते हुए कहा कि पदोन्नति में आरक्षण के बिल का विरोध करने वाली सपा के साथ गठबंधन कर मायावती ने साबित कर दिया है कि वह अनुसूचित जाति की हितैषी नहीं है।
सांडी से भाजपा विधायक प्रभाष कुमार ने सभी से मनमुटाव दूर कर गलतियों को नजरंदाज कर चुनाव में देशहित के लिए भाजपा का समर्थन करने की अपील की। पूर्व सांसद भाजपा प्रत्याशी जयप्रकाश ने कहा कि चुनौतियां सामने हैं। उन्होंने कहा कि एक-एक वोट की अहमियत समझनी चाहिए और नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए भाजपा का समर्थन करना चाहिए।