भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश महामंत्री शंकर लाल लोधी को भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र का नया संगठन प्रभारी बनाया गया है। उनके संगठन प्रभारी बनने पर क्षेत्र के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर है। भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू सहित समस्त क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि शंकर लाल लोधी एक अत्यंत अनुभवी और कुशल संगठनकर्ता हैं। उन्होंने संगठन के विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत समन्वय स्थापित किया है। उनके विशाल अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और कुशल मार्गदर्शन का सीधा लाभ कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के संगठन को मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि श्री लोधी के नेतृत्व में बूथ स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को नई गति और मजबूती प्राप्त होगी।
राम किशोर साहू ने जोर देकर कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की असली शक्ति है। संगठन को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाने, चल रहे अभियानों को जन-जन तक पहुंचाने और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को गति देने में नए संगठन प्रभारी का मार्गदर्शन बेहद अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के 17 जिलों में संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं और नए प्रभार से इन प्रयासों को एक नई दिशा मिलेगी।
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि शंकर लाल लोधी के कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र का संगठन प्रभारी बनने से क्षेत्रीय पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। उन्होंने जानकारी दी कि श्री लोधी का बहुत जल्द कानपुर प्रथम आगमन प्रस्तावित है। उनके आगमन पर भाजपा के पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के सभी जिलों में संगठनात्मक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलेगी।