झींझक। जिस प्रकार ईस्ट इंडिया कंपनी ने सोने की चिड़िया कहे जाने वाले भारत को लूटा था उसी तरह आज गुजराती देश को लूट रहे हैं। प्रदेश में भाजपा के नौ वर्षों के शासन में प्रदेश को लूटा गया है। ये बातें मंगलवार को कंचौसी पहुंचे सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने स्वर्गीय छोटेलाल यादव की पुण्य स्मृति में आयोजित नुमाइश प्रदर्शनी का शुभारंभ करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र और संविधान को नहीं मानती और प्रदेश में मनमानी कर रही है। स्मार्ट मीटर को लेकर उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि इसे न लगवाएं क्योंकि इससे बिजली का बिल दोगुना आ रहा है। किसानों को खाद के लिए परेशान होना पड़ रहा है। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे वोट बढ़ाने पर ध्यान दें और कोई भी मतदाता छूटने न पाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर ही पढ़े लिखे युवाओं को रोजगार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे व्यापारी दुकान लगाकर व्यापार कर रहे हैं। इसी वजह से हर वर्ष इस मेले का आयोजन होता है। मेले में लगी दुकानों से लोग खरीदारी करते हैं जिससे दुकानदारों को लाभ होता है। कार्यक्रम में आयोजक नर्सिंग यादव सहित अन्य सपाइयों ने उन्हें पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। आयोजक ने बताया कि 15 दिन तक नुमाइश चलेगी। इस मौके पर इटावा सांसद जितेंद्र दोहरे, दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव, पूर्व विधायक मदन गौतम, पूर्व जिलाध्यक्ष रामबाबू यादव, मिथलेश कटियार, समरथ पाल, पुष्पेंद्र यादव, सपा प्रदेश सदस्य नरसिंह यादव, राजकुमार, गुड्डू यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख पप्पी गौतम, राजेंद्र बहादुर राजपूत, उदयवीर, धर्मेंद्र यादव, प्रीतम यादव आदि मौजूद रहे।