कन्नौज। जनपद में स्मार्ट प्रीपेड मीटर तेजी से लगाए जा रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने स्मार्ट मीटर में गड़बड़ी को लेकर सीएम और प्रदेश अध्यक्ष को पत्र लिखा है, जिसमें कहा कि स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं की परेशानियां बढ़ गई हैं।
83 हजार स्मार्ट मीटर लग गए हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि पुराने मीटरों के मुकाबले स्मार्ट मीटर बहुत तेज चल रहे हैं। बिना वजह बिल में भारी बढ़ोत्तरी हो रही है, जिससे बजट बिगड़ गया है। इन सभी समस्याओं के समाधान न होने से उपभोक्ताओं में बिजली निगम के खिलाफ काफी गुस्सा है। इन्हीं सभी समस्याओं को देखते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने मुख्यमंत्री योगी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को पत्र भेजा है। स्मार्ट मीटर लगने से आम उपभोक्ताओं को अत्यधिक परेशानी हो रही है तथा सरकार की छवि धूमिल हो रही है। बिजली स्मार्ट मीटर में जो गड़बडी है, उसे सही कराने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित करने की मांग की, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।