कानपुर: आगामी लोकसभा चुनाव में मतदाताओं को जोड़ने के लिए भाजपा सेवानिवृत्त सैनिकों की फौज भी तैयार कर रही है। यह काम पार्टी के पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के माध्यम से किया जा रहा है। प्रकोष्ठ के प्रदेश और क्षेत्रस्तर के पदाधिकारी जगह-जगह बैठकें कर पूर्व सैनिकों की सूची बनाकर उनसे संपर्क करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।
क्षेत्रीय कार्यालय अंसल भवन में रविवार को आयोजित बैठक में प्रदेश संयोजक कर्नल दयाशंकर दुबे ने कहा कि लोकसभा चुनाव की दृष्टि से भाजपा वर्ग, समुदाय, विभाग से जुड़े लोगों को जोड़ रही है। पूर्व सैनिकों को भी जोड़ने का अभियान शुरू हुआ है। पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ इसी उद्देश्य से गठित किया गया है। जल्द ही प्रकोष्ठ की जिला स्तर की बैठकें आयोजित की जाएंगी।