दहशतगर्द विकास दुबे के भाई दीपक को रिमांड पर लेने के लिए चौबेेपुर पुलिस ने कोर्ट में अर्जी डाल दी है। इस पर 12 जनवरी को सुनवाई होनी है। चौबेपुर पुलिस ने लखनऊ जेल में वारंट भी तामील कर दिया है। सुनवाई के बाद दीपक को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
डीआईजी डॉ . प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि दीपक के खिलाफ चौबेपुर थाने में शस्त्र अधिनियम और फर्जी नाम से सिम चलाने का मामला दर्ज है। जिसमें वह फरार था। दर्ज मुकदमों में उसे पूछताछ के लिए रिमांड पर लाया जाएगा। दीपक से दहशतगर्द विकास दुबे से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल हो सकती हैं। ब्याज पर रुपये बांटने, वसूलने, कारोबार में रुपये का लेन-देन उसके संपर्कों के भी बारे में पूछताछ की जाएगी।
विकास दुबे के खजांची जय बाजपेई की गुरुवार को गैंगस्टर कोर्ट में पेशी थी। माती जेल में बंद जय कोर्ट में हाजिर नहीं हो सका। कोर्ट ने सुनवाई के लिए पांच मार्च की तिथि नियत कर दी है। बिकरू कांड के बाद जय समेत चारों भाइयों पर गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया गया था। जय की गिरफ्तारी के बाद उसके भाइयों अजयकांत, रजयकांत व शोभित ने कोर्ट में समर्पण कर दिया था। पिछले महीने तीनों भाइयों को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। जय अब भी जेल में है।