कानपुर देहात। बिकरू कांड के मुख्य मामले में सभी आरोपियों पर आरोप निर्धारण को लेकर सुनवाई चल रही है। गुरुवार को आरोपियों के जेल से न आने के कारण सुनवाई टल गई। अब कोर्ट ने सभी आरोपियों को तलब करते हुए सुनवाई के लिए अगली तिथि 28 मार्च तय की है।
दो जुलाई 2020 को चौबेपुर के बिकरु गांव में विकास दुबे को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर फायरिंग की गई थी। इसमें सीओ समेत आठ पुलिस कर्मी शहीद हो गए थे। मामले की सुनवाई एंटी डकैती कोर्ट में चल रही है।
गुरुवार को आरोप निर्धारण को लेकर सुनवाई होनी थी। कुछ आरोपियों के अधिवक्ताओं ने निर्दोष होने का प्रार्थना पत्र भी दिया है। इस पर अभियोजन की तरफ से आपत्ति दाखिल की जा चुकी है।
बचाव पक्ष के अधिवक्ता रामनरेश मिश्रा ने बताया कि जिला कारागार से आरोपियों के न आ पाने के कारण कोर्ट ने सुनवाई टाल दी। इसके साथ ही सभी आरोपियों को तलब करते हुए सुनवाई की अगली तिथि 28 मार्च तय की है।
रिचा मामले में 31 मार्च को होगी सुनवाई
कानपुर देहात। फर्जी सिम के मामले में आरोपी रिचा दुबे की सुनवाई एंटी डकैती कोर्ट सुधाकर राय की अदालत में चल रही है। गुरुवार को बचाव पक्ष के अधिवक्ता पवनेश कुमार शुक्ला व सीपी शुक्ला ने खुद के अस्वस्थ होनेे का प्रार्थना पत्र कोर्ट में दिया। इससे सुनवाई टल गई। अब कोर्ट ने मामले की सुनवाई की तिथि 31 मार्च तय की है। (संवाद)
गवाह न आने पर नहीं हो सकी सुनवाई
कानपुर देहात। अवैध असलहा बरामदगी के मामले में श्यामू बाजपेई के केस की सुनवाई एंटी डकैती कोर्ट सुधाकर राय की अदालत में चल रही है। गुरुवार को गवाह के न आने पर सुनवाई नहीं हो सकी। अधिवक्ता पवनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि कोर्ट ने अब सुनवाई की तिथि 25 मार्च तय की है। (संवाद)