फोटो - 07 मृतका श्री कुमारी की फाइल फोटो।
आटा। इटौरा-आटा मार्ग पर गुरुवार की शाम बाइक फिसलने से गिरी महिला को पीछे से आए मौरंग लदे डंपर ने रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में महिला की सास और देवर घायल हुए हैं। डंपर छोड़कर चालक और खलासी भाग गए। इधर, डंपर चालक की गिरफ्तारी पर अटे पति ने दो घंटे तक शव नहीं उठने दिया। इस दौरान जाम भी लग गया। लोगों के अनुसार बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकोढ़ी दुबे गांव निवासी श्रीकुमारी (30), देवर दिलीप कुमार और सास ठाकुर बेटी के साथ आटा थाना क्षेत्र के अकबरपुर इटौरा स्थित मंदिर में भतीजे के मुंडन संस्कार में शामिल होने गईं थीं। गुरुवार की शाम कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तीनों एक ही बाइक से लौट रहे थे। आटा -इटौरा मार्ग पर बगिया के पास बाइक फिसल गई। तीनों सड़क पर गिर पड़े। उसी वक्त पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा मौरंग लदे डंपर ने श्रीकुमारी को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दिलिप और ठाकुर बेटी घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी अजय सिंह का कहना है कि चालक की तलाश की जा रही है। डंपर चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि जोल्हूपुर मोड़ पर ओवरब्रिज निर्माण के कारण ओवरलोड मौरंग लदे ट्रक आटा–इटौरा मार्ग से गुजर रहे हैं। इससे इस रास्ते पर लगातार हादसे बढ़ रहे हैं।
हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे रामकुमार वर्मा ने गुस्से में पत्नी का शव सड़क से उठाने नहीं दिया। उन्होंने मांग की कि लापरवाह डंपर चालक को तत्काल गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए। करीब दो घंटे तक शव सड़क पर पड़ा रहा, जिससे मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। बाद में पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद परिजन शांत हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
फोटो - 07 मृतका श्री कुमारी की फाइल फोटो।