कानपुर में बर्रा के गुजैनी हाईवे पर बेेकाबू डंपर की टक्कर से बाइक सवार भाई-बहन की मौत हो गई। बाइक चला रहे बड़े भाई को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों के हवाले कर दिया।
बीमा कंपनी से रिटायर्ड मूलरूप से शिवली बैरीबागपुर निवासी अखिलेश कुमार पांडेय पत्नी राधा, बेटा गौरव, बहू अनुप्रिया व पांच माह की नातिन दीपा के साथ गुजैनी एच ब्लॉक में रहते हैं। उनकी मां, दोनों छोटे भाई बृजेश (45) और शैलेष गांव में ही रहते हैं।
गुरुवार को अखिलेश की नातिन का अन्न प्राशन था। इसके चलते वह गांव से बृजेश व मैथा के हतीका निवासी बहन साधना मिश्रा (50) को सुबह बाइक पर बैठाकर घर लौट रहे थे। गुजैनी हाईवे से उतरते ही डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी।
डंपर के पहिये के नीचे आने से बृजेश और साधना की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक समेत दूसरी तरफ गिरने से अखिलेश को मामूली चोर्टें आइं। अखिलेश हेलमेट लगाए थे। वहीं डंपर चालक फरार हो गया। नातिन के अन्न प्राशन की खुशियां मातम में बदल गईं अखिलेश के घर पर नातिन दीपा के अन्न प्राशन की तैयारियां चल रही थीं।
हादसे की खबर घर पहुंचते ही खुशियां मातम में बदल गईं। गौरव ने बताया कि अविवाहित चाचा बृजेश गांव में खेती किसानी करते थे। बुआ साधना के परिवार में फूफा राम किशोर मिश्रा व उनकी चार बेटियां मंजुला, नेहा, निशी व उपासना हैं। दो बेटियों की शादी हो चुकी है।