जसवंतनगर। आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर सोमवार शाम बाइक सवार दंपती को दूसरी बाइक पर सवार युवकों ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। दंपती का आरोप है कि बाइक सवार युवक पांच हजार रुपये छीनकर भाग गए। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल महिला को सैफई में भर्ती कराया।
राजेश कुमार (50) निवासी नगला इच्छा ने बताया कि वह पत्नी गुड्डी देवी (45) के साथ बाइक से सिरसागंज जा रहे थे। इस दौरान विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार युवकों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वे दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इसमें राजेश की पत्नी के अधिक चोट आई।
राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि टक्कर के बाद बाइक सवार युवक मारपीट करने लगे। साथ ही जेब से पांच हजार रुपये निकालकर भाग गए। सूचना पर घायल महिला को सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां से गुड्डी देवी की हालत गंभीर होने पर उन्हें सैफई रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी रामसहाय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। रुपये छीनने की बात की जांच की जा रही है।