रसूलाबाद। औरैया जिले के याकूबपुर बेला से रसूलाबाद उर्स देखने के लिए आ रहे बाइक सवार को नयापुरवा के पास तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार घायल कर दिया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को लेकर सीएचसी पहुंची। यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
बेला थाना क्षेत्र के ओरौं मढ़हा याकूबपुर निवासी प्रदीप कुमार (30) पुत्र जगदीश चंद्र शुक्रवार देर आठ बजे के करीब बाइक से उर्स देखने के लिए रसूलाबाद आ रहा था। रसूलाबाद बेला रोड स्थित नया पुरवा के सामने पहुंचने पर उसकी बाइक में तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। सड़क पर घायल को पड़ा देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक कब्जे में लेकर घायल को अस्पताल पहुंचा। सीएचसी में डॉ. एन चंद्रा ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी पर भाई कुलदीप, श्याम सिंह व अन्य परिजन पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने जानकारी कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सोलंकी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-
पति की मौत पर पत्नी बेहाल
रसूलाबाद। हादसे में प्रदीप की मौत की जानकारी मिलते ही पत्नी रीता, बेटे बासू, आर्यन बिलखते रहे। भाई श्याम सिंह, कुलदीप, राहुल भी बेहाल नजर आए। पिता जगदीश ने बताया कि बेटा अहमदाबाद में रहकर बिल्डिंग निर्माण का काम करता था। वह कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आया था। रात आठ बजे के करीब वह खाना खा रहा था। अचानक से वह उर्स देखने जाने की बात कह घर से निकला था।