कानपुर देहात। रनियां थाना क्षेत्र के विसायकपुर के पास हाईवे किनारे खड़े ट्रक में देर रात बाइक सवार पीछे से जा टकराए। हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। चारों एक ही बाइक पर सवार होकर एक शादी समारोह से लौट रहे थे।
गजनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर-तरौंदा निवासी श्रीकांत का पुत्र आदित्य गौतम (17) व अमन गौतम (22) गांव के अजय गौतम (21) पुत्र रामजीवन और ज्ञानू गौतम (20) पुत्र सूरज गौतम के साथ एक बाइक में सवार होकर चिरौरा निवासी रामनरेश की बेटी शिवानी की शादी में शामिल होने गए थे। रात में लगभग 12:20 बजे के करीब चारों एक ही बाइक पर सवार होकर घर के लिए निकले। जैसे ही विसायकपुर के पास एक ढाबा के सामने हाईवे पर पहुंचे। तभी उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसे में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी पर रनियां पुलिस व हाईवे पेट्रोलिंग टीम पहुंची। सभी को जिला अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान अजय गौतम की मौत हो गई। जबकि आदित्य की कानपुर के हैलट अस्पताल में मौत हो गई। परिवार में कोहराम मचा रहा। ज्ञानू और अमन का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। मृतक के पिता श्रीकांत ने बताया कि अमन और आदित्य उसके बेटे हैं। जबकि ज्ञानू गौतम और अजय गौतम मित्र है। थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।