जसवंतनगर। आगरा-कानपुर हाईवे स्थित नगला कन्हैया के सामने सोमवार देर रात बाइक सवार सराफा व्यवसायी व उनके भाई को अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां सराफ की मौत हो गई जबकि भाई को गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया।
इटावा शहर के चौगुर्जी निवासी सराफा व्यवसायी अजय पांडेय (40) पुत्र रामनरेश की जसवंतनगर की पड़ाव मंडी होमगंज में विवेक ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। सोमवार रात करीब आठ बजे अजय अपने छेटे भाई विजय पांडेय (36) के साथ बाइक से लौट रहे थे। उनकी बाइक जैसे ही वे नगला कन्हैया के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंची। तभी अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
उपनिरीक्षक रामदास मौके पर पहुंचे और दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। विजय की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आगरा रेफर किया गया है। घटना के बाद मंगलवार को पड़ाव मंडी की सभी सराफा की दुकानें बंद रहीं। प्रभारी निरीक्षक राम सहाय ने बताया कि घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही हादसे को अंजाम देने वाले वाहन की तलाश कर आरोपी चालक को पकड़ा जाएगा।