बाइक सवार को पीटने और बंधक बनाने का वीडियो हुआ वायरल
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद के लालगेट पर एक बाइकसवार युवक को पीटकर बंधक बनाने का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया। इसके कुछ ही देर बाद दबंग का पिता पीड़ित युवक को लेकर कोतवाली पहुंच गया। किसी पक्ष से तहरीर न मिलने पर पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में दो युवकों पर कार्रवाई की है।
शहर के मोहल्ला लिंजीगंज निवासी वैभव गुप्ता सोमवार सुबह सात बजे बाइक से लालगेट पर जा रहा था। उसी समय कुछ मोहल्ला खटकपुरा के कुछ दबंगों ने उसे दबोच लिया और मारपीट कर दी। वैभव के हाथ पीछे बांधकर पीटते हुए मोहल्ला खटकपुरा के मकान में ले गए।
इसकी भनक लगते ही वैभव के आठ-दस साथी खटकपुरा पहुंच गए। उन्होंने वैभव को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिला। सूचना के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इस बीच दबंग वैभव को दूसरे मकान में लेकर चले गए। कुछ ही देर में मारपीट का वीडियो वायरल हो गया।
इस पर दौड़ी पुलिस ने खटकपुरा से वसीम को हिरासत में ले लिया। कुछ ही देर बाद वसीम के पिता वैभव को कोतवाली लेकर पहुंच गए। कोतवाल वेदप्रकाश पांडेय ने बताया कि मामला युवती को ले जाने का था मगर किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। मारपीट हुई है। इसलिए एक पक्ष के वसीम और दूसरे पक्ष से वैभव के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।