बकेवर। अहेरीपुर से औरैया के मुरादगंज ड्यूटी पर जा रहे समिति के सचिव की बाइक महेवा में अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में सचिव घायल हो गए। घायल को राहगीरों ने सीएचसी भेजा, हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने सचिव को मृत घोषित कर दिया। सचिव अहेरीपुर में बहन के यहां से ड्यूटी पर जा रहे थे।
वीरेंद्र सिंह सेंगर (58) निवासी बदनपुर गांव कोतवाली बिधूना, जनपद औरैया मुरादगंज की सहकारी समिति पर सचिव के पद पर तैनात थे। मंगलवार को अहेरपुर में अपनी बहन के यहां आए थे। बुधवार सुबह करीब नौ बजे बाइक से ड्यूटी पर जाने के लिए निकले थे। रास्ते में महेवा बस्ती में मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में सचिव वीरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी महेवा केपी सिंह ने घायल सचिव को महेवा सीएचसी भेजा, जहां से प्राथमिक उपचार बाद घायल सचिव को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां डाॅक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। बकेवर एसओ विपिन मलिक ने बताया कि अंदेशा है कि बाइक तेज होने की वजह से हादसा हुआ है। पोस्टमार्टम कराया है।