औरैया के ध्यानार्थ:
-बहन की शादी में शामिल होने के लिए मौसी को लेकर घर जा रहा था
-आज होनी है बहन की शादी, नेशनल हाईवे पर बिरारी ओवरब्रिज के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
इकदिल (इटावा)। नेशनल हाईवे पर बिरारी ओवरब्रिज के पास बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि उसकी मौसी घायल हो गई।
औरैया जिले के मुढ़ी पन्नहर निवासी धीरज की बेटी वंदना की 11 जुलाई को शादी है। धीरज का पुत्र बेटू (18) इटावा के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के गांव रमपुरा में अपने मामा सुरेंद्र सिंह के घर आया था। बहन की शादी समारोह में शामिल होने के लिए अपनी मौसी निशा (18) पुत्री चंद्रभान को बुलाने आया था।
बुधवार दोपहर करीब एक बजे अपनी मौसी निशा के साथ बाइक से घर जा रहा था। तभी बिरारी ओवरब्रिज के पास बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। जिसमें दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टर ने बेटू को मृत घोषित कर दिया।
घायल निशा का उपचार किया गया। युवक पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। युवक की मौत के बाद दो बहनों के साथ मां उर्मिला का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक भीमसेन पौनिया ने बताया कि बेटू के परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए बिना अपने साथ ले गए।
छात्रा के हत्यारोपी पर एनएसए की कार्रवाई
इटावा। एएनएम छात्रा की हत्या करके शव को मदर डेरी के प्लांट के पास फेंकने वाले आरोपी के खिलाफ पुलिस ने एनएसए की कार्रवाई की है।
औरैया जिले के कुदरकोट थाना व कस्बा निवासी प्रिया सैफई मेडिकल कॉलेज में एएनएम प्रथम वर्ष की छात्रा थी। 14 मार्च को पड़ोसी महेंद्र बाथम अपनी कार से भाई अरविंद बाथम के साथ मेडिकल कॉलेज जाकर प्रिया मिश्रा को अपने साथ ले गया था। कार में पेचकस से कई वार कर प्रिया की हत्या कर शव को वैदपुरा क्षेत्र में स्थित मदर डेयरी प्लांट के पास सैफई मार्ग पर फेंक दिया था।
छात्रा का शव मिलने पर आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। जिसके बाद पुलिस ने 15 मार्च को महेंद्र बाथम मुठभेड़ में गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट आरोपी के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।(संवाद)