लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह सड़क घेरकर खड़े ट्रक में पीछे से कार टकरा गई। हादसे में कार चालक और युवती की मौत हो गई। पीछे की सीट पर बैठी युवती व युवक घायल हो गए। कार सवार हरियाणा के गुरुग्राम से गोरखपुर जा रहे थे।
मृतकों के पास मिले मोबाइल की मदद से परिजनों को सूचना दी गई है। प्रतापगढ़ के सराय सुल्तानी गांव निवासी दीपक कुमार पांडेय (25) पुत्र सूर्य मोहन पांडेय गुरुग्राम में कपड़ा सिलाई के साथ बुकिंग पर किराये की कार भी चलाता था।
मंगलवार रात वह कार से गोरखपुर के लिए निकला। कार में उसके बगल की सीट पर असम प्रांत के गोलाघाट जिले के समरगांव थाना क्षेत्र के खुंडई गांव निवासी विनीता भूमि (20) पुत्री राजेंद्र भूमि, पीछे की सीट पर मूलरूप से महाराजगंज जिला के थाना पुरंदरपुर के गांव हथियागढ़ व मौजूदा समय में गुरुग्राम में रह रहा युवक मंदिका (24) पुत्र रमई व सरस्वतीपुरम थाना सेक्टर 10 ए गुरुग्राम निवासी सुमन (19) पुत्री सुशील कुमार बैठे थे।
बुधवार सुबह सात बजे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर ग्राम गोल्हुआपुर के पास सड़क घेरकर खड़े ट्रक में कार पीछे से टकरा गई। रफ्तार अधिक होने से कार क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार चालक दीपक कुमार पांडेय व उसके बगल की सीट पर बैठी विनीता भूमि की मौत हो गई।