उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात कोहरे में आगे चल रहे ट्रक में तेज रफ्तार कार घुस गई, जिसमें कार सवार सभी छह लोगाें की मौत हो गई। मरने वालों में लखनऊ के प्रापर्टी डीलर सहित इनके परिवार के पांच लोग व एक दोस्त हैं।
यह परिवार बालाजी दर्शन के लिए मेहंदीपुर जा रहा था। आईजी मोहित अग्रवाल ने एसपी प्रशांत वर्मा के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुक्रवार रात लखनऊ महानगर के काकोरी थाना अंतर्गत कलियाखेड़ा निवासी प्रापर्टी डीलर प्रमोद यादव (35) पुत्र जंगी प्रसाद कार से मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन करने जा रहे थे।
उनके साथ चचेरे भाई सोनू यादव (31) पुत्र नवीलाल, सतेंद्र यादव(18) पुत्र गोपी यादव, भतीजा सूरज यादव(15) पुत्र अभिमन्यु, बुधड़िया काकोरी निवासी साला ज्ञानेंद्र यादव (32) पुत्र भैयालाल और दोस्त मोहित पाल(36) पुत्र राजकुमार निवासी पान खेड़ा काकोरी लखनऊ भी थे।
घटनाक्रम के मुताबिक रात करीब एक बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कोहरे मेें बेहटा-तिलकापुर के पास कार आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। यूपीडा कर्मियों और पुलिस ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को निकालकर तड़के लगभग चार बजे मेडिकल कालेज भेजा।
वहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। कार सवार मृतकों के पास मिले मोबाइल और कागजातों से प्रमोद के बड़े भाई विनोद को हादसे की सूचना दी गई। विनोद ने ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक मार दिए। इससे कार अनियंत्रित होकर ट्रक में घुस गई। कन्नौज हादसे पर सीएम योगी ने दुख जताया है। सीएम ने वरिष्ठ अफसरों को पीड़ित परिजनों की हरसंभव मदद के निर्देश दिए हैं।