कानपुर। बिग बी अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर देश भर से दुआओं का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के चेयरमैन और प्रसिद्ध हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव ने भी अमिताभ बच्चन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने अपने संदेश में कहा है कि बिग बी के साथ देश के 130 करोड़ लोगों की दुआएं हैं, जल्द ही वह स्वस्थ होकर अपने काम पर लौटेंगे। राजू श्रीवास्तव ने बताया कि अमिताभ बच्चन अपने राजनीतिक सफर के दौरान कई तरह की मुसीबतों को पीछे छोड़ कर पूरे जोश के साथ आगे आए हैं। कोरोना की बीमारी को भी वह मात दे कर जल्दी काम पर लौटेंगे। राजू श्रीवास्तव ने कहा कि पूरी दुनिया में इस समय सिर्फ दो ही लोग सबसे अधिक चर्चित हैं, एक देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दूसरे महानायक अमिताभ बच्चन। उन्होंने अभिषेक बच्चन के भी शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।