साइकिल, मोटर साइकिल समेत कई दुकानें जलीं
- फोटो : अमर उजाला
चित्रकूट जिले में राजापुर थानाक्षेत्र के खटवारा पावर हाउस के पास लीकेज गैस सिलेंडर को बदलने के लिए गोदाम ले जाते समय हादसा हो गया। सिलेंडर से निकल रही गैस को रास्ते में चाय-समोसे की दुकान में जल रही भट्ठी ने अपनी चपेट में ले लिया।
इससे एक पान की गुमटी, समोसे की दुकान, मोटरसाइकिल व साइकिल धू धू कर जलने लगी। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्राम कछिया निवासी बड़कू पुत्र गणेश शनिवार सुबह चाची चंदावती के साथ लीकेज गैस सिलेंडर को लौटाने रामेश्वर भारत गैस गोदाम रम्पुरिया जा रहा था।
तभी रास्ते में खटवारा पावर हाउस के पास दुकानदारों से गैस गोदाम का पता पूछने के दौरान सिलेंडर से निकल रही गैस की वजह से सड़क किनारे चाय समोसे की दुकान की भट्ठी से आग बेकाबू हो गई। इससे लोगों में अफरा तफरी मच गई।
देखते ही देखते दुकान, मोटरसाइकिल व साइकिल जलने लगी। कुछ लोगों ने लीकेज गैस सिलेंडर को बालू के ढेर में फेंक दिया। तब दुकानदारों ने राहत की सांस ली। आगजनी में रोहित पुत्र गोविन्द निवासी खटवारा की पान की गुमटी में रखा हजारों का सामान जलकर राख हो गया है।
मनीष श्रीवास्तव पुत्र गुलाब श्रीवास्तव की मोटरसाइकिल जल गई। खटवारा निवासी भुल्लू पुत्र गयाप्रसाद की छानी छप्पर व गुमटी में रखा गृहस्थी व दुकान का सामान भी जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गया है।